सितारगंज। कोरोना से बचाव के लिए लगाए गए कोविड कर्फ्यू की वजह से गरीब परिवार आर्थिक तंगी से परेशान हैं। ऐसे में बिज्टी गांव का एक किसान परिवार गरीबों की मदद के लिए आगे आया है। किसान नेता साहब सिंह बिज्टी और उनका परिवार रोजाना 20 निर्धन परिवारों को राशन के पैकेट बांट रहे हैं।
शुक्रवार को किसान नेता साहब सिंह ने बताया कि गरीब परिवारों की मदद के लिए वह अपने घर में ही राशन के पैकेट बना रहे हैं। जिन्हें गांव के करीब 20 गरीब परिवारों में रोजाना बांटा जा रहा है। बताया कि वह सिख मर्यादा के तहत आमदनी का दसवां हिस्सा नेक कार्य, गरीब, बेसहारा लोगों की मदद के सिद्धांत पर चलकर समाजसेवा में लगे हैं।
पांच दिन से लगातार राशन बांटा जा रहा है। राशन के पैकेट बनाने में माता बलविंदर कौर और पत्नी मनिंदर कौर सहयोग कर रही हैं। बताया कि अब तक दो क्विंटल राशन दिया जा चुका है, जिसमें 50 किग्रा चावल रणजीत सिंह और 50 किग्रा रूढ़ सिंह ने देकर मदद की है। उन्होंने जरूरतमंदों से घर राशन पहुंचाने के लिए संपर्क करने की भी अपील की।