रुद्रपुर। कोतवाली क्षेत्र के एक घर की अलमारी से लाखों के जेवर और नकदी चोरी हो गई। चोर इतने सतर्क थे कि घर में सो रहे लोगों को उनके आने का पता ही नहीं चला।
ग्राम लाम्बाखेड़ा निवासी इरफान अली ने बताया कि 18 मई की सुबह चार बजे जब वह उठे तो घर की अलमारी में रखा बैग गायब मिला। बैग में 1.50 लाख नकद और आधा किलो चांदी के जेवर रखे थे। इसके अलावा एक अन्य बैग में रखे छह हजार रुपये भी गायब थे। इरफान के बड़े बेटे अमान ने घर के सामने से गुजर रही बाइक सवार पर शक हुआ और उसका पीछा किया गया लेकिन वह गांव का ही व्यक्ति था जो अपने काम पर जा रहा था।
अमान को तलाश के दौरान कुछ दूरी पर एक साइकिल पर दो संदिग्ध दिखाई दिए। पूछताछ पर दोनों साइकिल और थैला छोड़कर खेतों की ओर भाग गए। थैले से कपड़ा, चप्पल और एक बिल मिला। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि तहरीर पर प्राथमिकी कर ली है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।