जसपुर में बरादम सौ रुपए का जाली नोट।
- फोटो : Amar Ujala
ग्राम रहमापुर में नकली नोट तैयार करते एक लकड़ी कारोबारी को पुलिस ने रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से करीब पचास हजार रुपए मूल्य के सौ-सौ के जाली नोट बरामद किए है। मौके पर टीम को स्टांप पेपर, कंप्यूटर, प्रिंटर व मुहरें आदि मिली हैं।
मुखबिर की सूचना पर जसपुर कोतवाल अबुल कलाम ने पुलिस टीम के साथ ग्राम रहमापुर के घर में छापा मारा। मौके पर नकली नोटों की छपाई का काम चल रहा था। पुलिस ने वहां से पचास हजार रुपए मूल्य के जाली नोट बरामद हुए। ये सभी नोट सौ-सौ के थे। पुलिस ने मौके से कुछ अर्ध निर्मित नोट भी बरामद किए है। टीम को मौके पर बड़ी संख्या में खाली स्टांप पेपर, फर्जी मोहरें, दस्तावेज, कंप्यूटर, प्रिंटर आदि मिले। पकड़ा गया व्यक्ति लकड़ी कारोबारी है।
वह डेहरिया वाली मस्जिद के निकट रहता है। जाली नोटों की खेप के साथ पकड़ा गया व्यक्ति वर्ष 2013 में भी इसी आरोप में जेल की हवा खा चुका है। पुलिस ने तब उसके साथ तीन अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया था। पुलिस इस बात की पड़ताल करने में जुटी है कि इस गोरखधंधे में लकड़ी कारोबारी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं। कोतवाल ने बताया कि आरोपी नकली नोटों की खेप तैयार कर बाजार में उतारता था। इन नोटों को बाजार तक पहुंचाने का क्या माध्यम है, इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि जांच पूरी होने पर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।