पशुआहार निर्माणशाला के शीरे के सैंपल सेंट्रल लैब लालकुआं ने फेल कर दिए हैं। सैंपल फेल होने से दोषी कर्मचारियों में गाज गिरना तय माना जा रहा है। रिपोर्ट आने से पशुआहार निर्माणशाला में खलबली मच गई है।
अमर उजाला ने अपने 17 अक्टूबर के अंक में ‘पशु आहार के शीरे में मिलाया जा रहा है पानी’ शीर्षक से खबर छापी थी। अमर उजाला में छपी खबर का संज्ञान लेते हुए प्रबंध निदेशक यूसीडीएफ ललित मोहन रयाल ने सेंट्रल लैब लालकुआं व यूसीडीएफ के अधिकारियों की टीम निरीक्षण को भेजी थी। जिसने सैंपल लिए और जांच के लिए सेंट्रल लैब लालकुआं भेज दिया।
इसकी रिपोर्ट सोमवार को यूसीडीएफ के ललित मोहन रयाल को प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट में शीरा का सैंपल फेल हो गया है। शीरे का घनत्व 80 से 84 के बीच होना चाहिए था। लेकिन यह 72 आया है। सैंपल के फेल होने से पशुआहार निर्माणशाला में खलबली मच गई। दोषी कर्मचारी-अधिकारी अपने को बचाने के लिए एक दूसरे के बीच आरोप-प्रत्यारोप लगाने में लगे रहे। विभागीय सूत्रों की मानें तो दो कर्मचारियों पर शीरे सैंपल फेल होने की गाज गिर सकती है।