दीपावली की रात एक फैक्ट्री में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने तमंचे और चाकू के साथ पकड़े गए दो आरोपियों के कब्जे से फैक्ट्री से चुराया गया सामान भी बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आरोपियों को जेल भेज दिया है। फैक्ट्री में चोरी कर सामान ले जाता एक आरोपी सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हुआ था।
बीते 11 नवंबर की रात चोरों ने छतरपुर रोड स्थित एसपी फूड इंडस्ट्रीज की पिछली दीवार फांदकर एक इनवर्टर, यूपीएस, एलईडी और एक बैटरी चुरा ली थी। फैक्ट्री में लगे सीसीटीवी कैमरे में एक चोर की तस्वीर कैद हुई, लेकिन बहुत ज्यादा साफ नहीं थी। फैक्ट्री मालिक मनोज चौधरी ने 12 नवंबर की दोपहर घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरु कर दी थी। कोतवाल जेसी पाठक ने बताया कि शनिवार की तड़के एसआई अजीत कुमार की अगुवाई में टीम ने मुखबिर की सूचना पर फौजी मटकोटा तिराहे पर छापा मारकर मनोज विश्वास और निर्मल विश्वास निवासी बंगाली कालोनी रुद्रपुर को दबोचा।
तलाशी लेने पर मनोज के कब्जे से 12 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और निर्मल के कब्जे से एक चाकू बरामद हुआ। दोनों के पास से फैक्ट्री से चुराया गया यूपीएस, इनवर्टर, एलईडी, बैटरी बरामद किया गया। दोनों चोरी किए गए सामान को बेचने के लिए ले जा रहे थे। टीम में एसआई कमल कोरंगा, कांस्टेबल संदीप यादव और गोपाल गिरी भी शामिल रहे।