बाजपुर। मिनी बाईपास निर्माण के लिए मुंडिया पिस्तौर से नंदपुर नरका टोपा तक सड़क के दोनों तरफ लगाए गए लाल निशानों से लोगों के चेहरे पीले पड़ गए। लोगों ने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपकर बाईपास शहर के बाहर से बनाने की मांग की।
नगर पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह गित्ते की अगुवाई में लोग एकत्र होकर मंगलवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचे। इस दौरान लोगों ने एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा का घेराव किया। साथ ही सीएम को संबोधित मांग पत्र एसडीएम को सौंपा। इस दौरान पालिकाध्यक्ष ने कहा कि बाईपास को बाजपुर शहर के बाहर से निकाला जाए।
कहा कि मुंडिया पिस्तौर तिराहे से नंदपुर नरका टोपा तक सड़क के बीच से दोनों तरफ 40 फुट का चिह्नीकरण कर लाल निशान लगाए गए हैं। बताया कि चिह्नीकरण के दायरे में आवास और प्रतिष्ठान प्रभावित होगें। इससे नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने सड़क पहले की तरह रखे जाने की मांग की है। वहां मो. इमरान, शमशेर अली, सादक हुसैन, निसार अहमद, मुन्ने खां, हामिद खां, अतीक, वसीम, वाजिद अली, विवेक पाण्डेय आदि मौजूद रहे।