अनुसूचित जाति की महिला ने पुलिस को सौंपी तहरीर
बाजपुर। अनुसूचित जाति की महिला की दो बेटियों के साथ समुदाय विशेष के व्यक्ति ने झाड़-फूंक के नाम पर छेड़छाड़ की। महिला ने विहिप कार्यकर्ताओं के साथ चौकी में एसआई सुनील कुमार से मुलाकात की। उन्होंने तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
सुल्तानपुर पट्टी क्षेत्र निवासी अनुसूचित जाति की महिला ने दोराहा पुलिस चौकी में तहरीर देकर बताया कि उसकी 17 वर्षीय बेटी की तबीयत खराब रहती है। चिकित्सकों के इलाज से लाभ नहीं होने पर उसका परिवार मानसिक रूप से परेशान था। इस दौरान एक परिचित के सुझाव पर वह अपनी दोनों बेटियों को लेकर गांव कनौरा निवासी समुदाय विशेष एक व्यक्ति के घर झाड़ फूंक कराने के लिए गईं। तंत्र-मंत्र के नाम पर आरोपी उसकी दोनों बेटियों को एक कमरे में ले गया।
कमरे से बाहर आने पर उसकी दोनों बेटियां बहुत घबराई थीं। बेटियों ने उसे बताया कि आरोपी ने कमरे में उनके साथ छेड़छाड़ कर दुष्कर्म का प्रयास किया। रविवार को पीड़ित परिवार के लोग विहिप नेता यशपाल राजहंस के साथ दोराहा चौकी पहुंचे। उन्होंने एसआई सुनील कुमार को देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है। संवाद