रुद्रपुर/खटीमा। लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को अधिशासी अधिकारी, कर और राजस्व निरीक्षक भर्ती परीक्षा जिले के 27 परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएगी। इसमें 11,323 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली सुबह नौ से 11 बजे तक और दूसरी दोपहर एक से शाम चार बजे तक होगी। परीक्षा केंद्र के परिसरों के 200 मीटर परिधि में धारा 144 लागू की जाएगी।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए एडीएम जयभारत सिंह ने शनिवार को सेक्टर मजिस्ट्रेट, प्रधानाचार्य और पर्यवेक्षकों की डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में बैठक ली। बताया गया कि नगर निगम क्षेत्र रुद्रपुर के 19 केंद्रों पर 7,926 और खटीमा के आठ परीक्षा केंद्रों पर 3,397 लोग परीक्षा देंगे। इसके लिए खटीमा में तीन और नगर निगम रुद्रपुर में सात सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। चार सेक्टर मजिस्ट्रेट आरक्षित किए गए हैं।
खटीमा के एसडीएम रवींद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि थारू इंटर कॉलेज, हिंद पब्लिक स्कूल, शिक्षा भारती सेकेंडरी स्कूल, मॉडल स्कूल जीजीआईसी, सिटी कॉन्वेंट स्कूल, अलक्ष्या पब्लिक स्कूल, राजकुमारी अग्रवाल सरस्वती विद्या मंदिर कॉलेज, नोजगे पब्लिक स्कूल में यह परीक्षा होगी।