काशीपुर। भगवान बिरसा मुंडा के जन्मदिवस के उपलक्ष्य पर जनजातीय गौरव दिवस पखवाड़ा हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान आदिवासी संस्कृति, इतिहास और परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है।
राधेहरि पीजी कॉलेज के पीछे राजकीय जनजाति छात्रावास में थारू और बुक्सा जनजाति के पारंपरिक व्यंजनों का सहभोज कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसका शुभारंभ मुख्य अतिथि जनजाति आयोग सदस्य बाबू सिंह तोमर और विशिष्ट अतिथि बुक्सा जनजाति संस्कृति कलाकार कन्हैया सिंह ने किया। उन्होंने छात्रों को जनजातीय इतिहास, संस्कृति, विरासत और समाज के उत्थान के लिए चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने पारंपरिक हस्तशिल्प और कलाओं को सहेजने के महत्व पर जोर दिया।
छात्रावास परिसर में जनजातीय समुदाय ने उपयोग में लाई जाने वाली वस्तुओं और कला-संस्कृति की एक विशेष प्रदर्शनी भी लगाई। इस दौरान पारंपरिक जनजातीय सांस्कृतिक नृत्यों और लोक कलाओं की सुंदर प्रस्तुतियां भी दी गईं। छात्रावास वार्डन पूनम बिष्ट ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए राधे हरि महाविद्यालय, एसडीएम कार्यालय, काशीपुर ब्लॉक ने योजनाओं से संबंधित फ्लैक्सी भी लगवाई गई। यह पखवाड़ा 15 नवंबर तक चलेगा।