बाजपुर के बेरिया दौलत रोड पर बैली ब्रिज का निरीक्षण करती एसडीएम ऋचा सिंह
बाजपुर। क्षेत्र में सोमवार रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण लेवड़ा नदी सहित अन्य नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ गया। इससे बेरिया दौलत मार्ग पर निर्माणाधीन पुल के पास बने अस्थायी बैली ब्रिज के नीचे भारी कटाव हो गया। कटाव की सूचना मिलते ही एसडीएम ऋचा सिंह ने प्रशासनिक व लोनिवि के अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। एसडीएम ने लोनिवि अधिकारियों को तुरंत कटाव रोधी कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। हालांकि, लोनिवि के अधिकारियों का दावा है कि कटाव से बैली ब्रिज को फिलहाल कोई खतरा नहीं है। दूसरी ओर, लगातार बारिश से ग्राम मुंडिया पिस्तौर, सीताकॉलोनी और चकरपुर समेत कई इलाकों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है। सीताकॉलोनी में पानी की निकासी का कोई प्रबंध न होने से मुख्य सड़कों पर जलभराव हो गया है जिससे ग्रामीणों का आवागमन दूभर हो गया है। समस्या को गंभीरता से लेते हुए ग्राम प्रधान रश्मि दिवाकर ने जलभराव का मुद्दा तहसील दिवस में उठाकर शीघ्र स्थायी समाधान की मांग की है। संवाद