काशीपुर। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) काशीपुर में उद्यमी जागरूकता एवं विशेष विक्रेता विकास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक अनुसूचित जाति (एससी) एवं अनुसूचित जनजाति (एसटी) के उद्यमियों, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और युवाओं ने भाग लिया। उन्हें केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं, वित्तीय सहायता, सरकारी खरीद, जेम (GeM) पोर्टल और व्यवसाय विस्तार से संबंधित जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय अनुसूचित जाति-जनजाति हब, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय (एमएसएमई) तथा दलित इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (डिक्की) के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान बीएचईएल, एनटीपीसी, ओएनजीसी सहित विभिन्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के प्रतिनिधियों ने एससी-एसटी उद्यमियों को विक्रेता पंजीकरण, सरकारी खरीद प्रक्रिया, आपूर्ति श्रृंखला में भागीदारी और नए व्यावसायिक अवसरों की जानकारी दी। बैंकिंग संस्थानों के अधिकारियों ने ऋण, वित्तीय समावेशन और विभिन्न सरकारी वित्तीय योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय एससी-एसटी हब, लखनऊ के शाखा प्रमुख रवि ओरन, डिक्की उत्तर भारत के अध्यक्ष कुंवर शशांक, जेम पोर्टल के अनंत ठुकराल, एसबीआई के मुख्य महाप्रबंधक मोहम्मद आज़म, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के क्षेत्रीय प्रबंधक रजत बजाज, इंडियन ऑयल के मुख्य महाप्रबंधक सतीश कुमार, पावरग्रिड के उप महाप्रबंधक दिनेश चंद्र नैणवाल, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विपिन कुमार तथा आईआईएम काशीपुर के निदेशक प्रो. नीरज द्विवेदी मौजूद रहे।
विशेषज्ञों ने उद्यमियों को अपने उत्पादों और सेवाओं को सरकारी विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों तक पहुंचाने, जेम पोर्टल पर पंजीकरण, गुणवत्ता मानकों का पालन तथा व्यवसाय को अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में प्रमुख उद्यमी नेमचंद सागर, गोविंदर सिंह, संतोष कुमार, गुरचरण सिंह, आर.के. भारती, दीपा रानी, प्रवीण कुमार सहित अन्य प्रतिभागियों ने भी हिस्सा लिया।