किच्छा कोतवाली में धरना देते वार्ड छह के लोग
- फोटो : अमर उजाला
किच्छा शहर के वार्ड नंबर छह में एक मेडिकल स्टोर संचालक की कुछ लोगों ने दुकान में घुसकर पिटाई कर दी। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर पथराव किया। एक पक्ष के युवक ने असलहे से फायर भी झोंके जिसमें तीन लोग जख्मी हो गए। कोतवाली में धरने पर बैठे पक्ष के लोगों को पुलिस ने बल प्रयोग कर खदेड़ दिया और गेट पर बेरीकेडिंग कर दी। मामले का वीडियो भी वायरल हो रहा है। रविवार की रात भाजपा नेता श्रीकांत राठौड़ की अगुवाई में वार्ड नंबर छह के लोग कोतवाली में धरने पर बैठ गए। वार्ड निवासी पूरन राठौर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग उनके मेडिकल स्टोर में घुसे थे। उन्होंने उनके साथ मारपीट की। तीन राउंड फायरिंग भी की। इस घटना में उनको चोटें आईं हैं। दो और लोग भी जख्मी हुए हैं।
भाजपा नेता राठौर ने आरोप लगाया कि पुलिस से पहले भी आरोपियों की शिकायत की जा चुकी है लेकिन पुलिस लापरवाही बरत रही है। उन्होंने आरोपियों की गिरफ्तारी तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर अपशब्दों का प्रयोग किया। कोतवाल धीरेन्द्र कुमार और श्रीकांत के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। सूचना पर सीओ बीएस धौनी कोतवाली पहुंचे और श्रीकांत को समझाने की कोशिश की लेकिन उनकी भी नहीं सुनी गई। मामले ने तूल पकड़ा तो पुलिस ने बल प्रयोग कर लोगों को कोतवाली से बाहर खदेड़ दिया।
कोतवाली में भारी फोर्स तैनात करने के साथ ही बेरिकेडिंग की गई। सीओ की श्रीकांत से वार्ता हुई। खबर लिखे जाने तक आरोपियों पर केस दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग पर राठौर का समर्थकों के साथ धरना जारी था। मामला तनावपूर्ण बना हुआ था।
राकेश की तहरीर पर दिल्ला, अभिषेक और अन्य पर मारपीट, बलवा सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। -बीएस धौनी, सीओ