खटीमा। रेलवे स्टेशन के सामने शौचालय का अतिक्रमण हटाने पर बुधवार को हंगामा हो गया। अतिक्रमण हटाने गई पुलिस और प्रशासन की टीम को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। लोगों के समर्थन में विधायक और विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता भुवन कापड़ी की पत्नी कविता कापड़ी भी पहुंच गईं। उनकी टीम से नोकझोंक भी हुई।
रेलवे स्टेशन के सामने वार्ड संख्या 13 में सरकारी खंती में वर्ष 2010 के दौरान बने सुलभ शौचालय में एक जरूरतमंद परिवार रहता है। तब से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पूरी नहीं हो सकी। बुधवार को एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट और तहसीलदार शुभांगिनी मौके पर पहुंचे। अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए। मौके पर पहुंचीं विधायक पत्नी कविता कापड़ी से प्रशासन की नोकझोंक भी हुई। कविता कापड़ी ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत स्थानीय प्रशासन चुनिंदा लोगों को उजाड़ने लगा है।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई समान रूप से होनी चाहिए। लोगों का कहना था कि प्रशासन एक व्यक्ति को उजाड़ने लगा है। उन्होंने सभी पर कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया। एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट ने दो दिन में खुद अतिक्रमण हटाने लेने की मोहलत दी जिस पर सिर्फ बाड़ ही ढहाई गई।
इस मौके पर बाबा नंद लाल गिरी, गौरव सोनकर, राहुल सक्सेना, सभासद विश्वनाथ यादव, हल्का पटवारी दीपेश, दीपक शुक्ला, विजय कुमार, रोहित चौधरी आदि थे। इसके बाद टीम पीलीभीत स्थित ईस्टर इंड्रस्टीज फैक्टरी के साइकिल स्टेंड का संज्ञान लिया। मौके पर अवैध रूप से बने साइकिल स्टेंड का निरीक्षण किया। तहसीलदार शुभांगिनी ने अवशेष अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए साइकिल स्टेंड को जल्द हटाने के निर्देश दिए।
नानकमत्ता में तालाबों पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस
नानकमत्ता। नानकमत्ता नगर पंचायत क्षेत्र में स्थित सूख चुके तालाबों को वास्तविक रूप देने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू हो चुकी है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी ने तालाबों पर अतिक्रमण करने वालों को नोटिस जारी किए हैं।
बुधवार को नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी कमल कुमार तथा राजस्व निरीक्षक संजय कुमार के नेतृत्व में नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड संख्या दो गड़ीपट्टी में स्थित सूख चुके तलाब को वास्तविक रूप देने के लिए जेसीबी से खुदाई शुरू करा दी। ईओ कमल कुमार ने बताया कि क्षेत्र में नौ तालाब में से सात तालाबों पर अतिक्रमण हुआ है। अतिक्रमणकारियों को चिह्नित कर उन्हें नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अभी तक 26 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी हो चुके हैं। वहां नगर पंचायत के उमेश राणा, नगेंद्र प्रसाद ,अवतार सिंह, विकास कनौजिया, सुमित राणा आदि मौजूद थे।