किच्छा। सौनेरा क्षेत्र में अवैध काॅलोनी बनी है। जिला विकास प्राधिकरण (डीडीए) की टीम शनिवार को इसका ध्वस्तीकरण करने तहसीलदार की अगुवाई में वहां गई लेकिन भाजपाइयों ने इस कार्रवाई का विरोध किया। भाजपाइयों ने काॅलोनी में नारेबाजी कर धरना दे दिया। विरोध के कारण टीम को बिना कार्रवाई लौटना पड़ा। अधिकारियों ने इन काॅलोनी वालों को अब अपील के लिए समय दिया है।
डीडीए के ईई रमेश जोशी, जेई विनीत कुमार शनिवार सुबह तहसीलदार गिरीश त्रिपाठी के साथ जेसीबी लेकर सौनेरा की बंगाली काॅलोनी में पहुंचे। वहां एक काॅलोनी में सांकेतिक ध्वस्तीकरण के बाद टीम नहर पार पहुंची और वहां काटी जा रही काॅलोनी में बनी कई मकानों की नींव तोड़ दी। इससे नाराज भाजपाई नगर अध्यक्ष मनमोहन के नेतृत्व में मौके पर पहुंचे। उन्होंने ध्वस्तीकरण का विरोध कर जेसीबी का संचालन रुकवा दिया।
तहसीलदार गिरीश और ईई रमेश ने इन लोगों को प्रशासनिक नोटिस दिखाकर समझाने का प्रयास किया लेकिन भाजपाई नहीं माने। वह धरने पर बैठ गए। ईई रमेश ने डीडीए के उपाध्यक्ष हरीश चंद्र कांडपाल को सूचना दी। तब एसडीएम कौस्तुभ मिश्रा भी मौके पर पहुंचे। तब प्रशासन ने यह कार्रवाई एक दिन टालने का निर्णय लिया। एसडीएम कौस्तुभ ने बताया कि ध्वस्तीकरण की सूचना न मिलने के कारण अपील के लिए समय दिया गया है। विवेक राय, राकेश गुप्ता, पूरन भट्ट, अभिषेक सक्सेना, राजकुमार कोली, विवेक राय, देवेंद्र शर्मा, राजेश कुमार रज्जी, गोल्डी गौराया आदि ने धरना दिया।
आजादनगर में कृषि भूमि पर बन रही कॉलोनी
किच्छा। इस क्षेत्र में आजादनगर, हरियाणा फार्म, किशनपुर, सिरौलीकलां समेत कई जगह अवैध कॉलोनी बन रही है। इसलिए डीडीए के ईई रमेश जोशी ने बताया कि सौरा क्षेत्र में कई काॅलोनियों के ध्वस्तीकरण के आदेश जारी हुए हैं। इन पर सुनवाई की समय सीमा बीत चुकी है। बताया कि यह संपत्तियां राजेंद्र कुमार, राजेश कुमार, कंवलजीत, राम सिंह, विनोद कुमार, राजकुमार, भारती सिंह, ललित जोशी की हैं।
वसंत गार्डन के 11 लोगों के खिलाफ होगी एफआईआर
किच्छा। जेई रमेश जोशी ने बताया कि वसंत गार्डन के 11 लोगों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि इनके निर्माण किए जा रहे भवनों को डीडीए की टीम ने पिछले दिनों सील किया था लेकिन इन सभी ने प्रशासनिक सील को तोड़कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया। इन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
जवाहरनगर और शांतिपुरी में कई आरोपियों ने खुद तोड़े अतिक्रमण
शांतिपुरी। लोनिवि और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने शनिवार को अतिक्रमण के खिलाफ कई जगह अभियान चलाया। इस दौरान जेसीबी से कई दुकान, टिनशेड और चहारदीवारी तोड़ी गई। वहीं जवाहरनगर में कुछ ग्रामीणों ने अपने अतिक्रमण स्वयं तोड़कर सरकारी जगह खाली कर दी। इस टीम ने दो-चार दिनों में अपनी व्यवस्था कर अतिक्रमण स्वयं हटाने की हिदायत दी है। इधर, ग्रामीण कमल अधिकारी ने बताया कि लोनिवि ने अतिक्रमण के नाम पर उनके मकान के आगे बना सीमेंटेड फुटपाथ तोड़ दिया जबकि इसे बनाने के लिए उन्हें 10 साल तक लंबी लड़ाई लड़नी पड़ी थी। इस सड़क पर दो फुट गहरे गड्ढे हो गए हैं। तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि शांतिपुरी के खमिया नंबर दो में बरातघर और आनंदपुर में कई जगह राजस्व विभाग नक्शे के अनुसार चिह्नित अतिक्रमण पर कार्रवाई की जा रही है।