शांतिपुरी। हाईकोर्ट की ओर से पंतनगर विवि और लोक निर्माण विभाग की जमीन पर काबिज अतिक्रमणकारियों को हटाने के आदेश के क्रम में पंतनगर विवि, राजस्व, लोनिवि और वन विभाग की संयुक्त टीम ने जमीनों की पैमाइश शुरू कर दी है। टीम ने जमीनों की पैमाइश के साथ ही वहां लाल निशान लगाए हैं। इधर, विधायक राजेश शुक्ला और कांग्रेस नेता सुरेश पपनेजा ने नगला पहुंचकर आशंकित लोगों को उजड़ने नहीं देने का आश्वासन दिया।
शनिवार को बारिश के बीच लोनिवि के सहायक इंजीनियर प्रकाश लाल, वन विभाग के डिप्टी रेंजर प्रमोद त्रिपाठी, कानूनगो अशोक कुमार, पटवारी तनुजा बोरा सहित कर्मचारियों के साथ टीम ने नगला बाईपास से सरकारी जमीन की नपत का कार्य शुरू किया। अचानक टीम को नपत करता देख सरकारी जमीन पर काबिज लोगों में हड़कंप मच गया। टीम ने करीब 500 मीटर तक पैमाइश कर लाल निशान लगाए। बता दें कि पंतनगर विवि की ओर से 62 और लोनिवि की ओर से 492 लोगों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं।
इधर, कांग्रेस नेता सुरेश पपनेजा भी नगला पहुंचे और उन्होंने अतिक्रमण की जद में आ रहे नगला वासियों को बचाने के लिए राजनैतिक एवं कानूनी पहलुओं पर लड़ाई लड़ने की जरूरत बताई। लोगों को भरोसा दिया कि वह हर परिस्थिति में हर प्रकार से उनके साथ खड़े रहेंगे। वहीं, विधायक राजेश शुक्ला ने भी नगला पहुंचकर लोगों से कहा कि इस मामले में हाईकोर्ट का सम्मान करते हुए कानूनी लड़ाई लड़ी जाएगी। कहा कि लोगों को उजड़ने नहीं दिया जाएगा।
मामले में सुप्रीम कोर्ट तक लड़ने को तैयार
शांतिपुरी। पंतनगर विवि और नगला में चिह्नित अतिक्रमण को हटाने के लिए चल रही कार्यवाही पर कांग्रेस नेता डॉ. गणेश उपाध्याय ने विधायक राजेश शुक्ला को घेरा है। अपने आवास पर पत्रकार वार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि अतिक्रमण मामले में विधायक शुक्ला राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। कहा कि हाईकोर्ट ने अतिक्रमण के मामले में जिला प्रशासन को एक महीने में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए थे लेकिन अपनी सरकार होने के बावजूद विधायक ने इस मामले में कोई ठोस कार्यवाही नहीं कराई है। कहा कि जल्द ही इस मामले में भाजपा विधायक की कथनी और करनी का पर्दाफाश किया जाएगा। कहा कि वह अतिक्रमण मामले में प्रभावित और पीड़ित पक्षों को साथ लेकर हाईकोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने को हर तरह से तैयार हैं। (संवाद)
धार्मिक स्थल से अतिक्रमण हटाने की मांग
सितारगंज। धार्मिक स्थल से अवैध अतिक्रमण हटाने की मांग पर कुछ लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन दिया। लोगों ने आरोप लगाया कि ग्राम हल्दुआ में धार्मिक स्थल की भूमि पर अवैध रूप से कब्जा किया गया है। अवैध कब्जेदार भूमि को निजी तौर पर इस्तेमाल कर रहा है। इस कारण समाज के अमन पसंद लोगों की भावनाएं आहत हो रही हैं। वहां पर मुशीर अहमद लारी, इस्माइल, जफर खान, नाजिम अहमद, फरीद, अफरोज अहमद, शादाब, सलमान आदि थे।
डैम किनारे बसे परिवारों को हटाने का विरोध करेगी भाकियू
जसपुर। सिंचाई विभाग के भोगपुर डैम और तुमड़िया डैम के आंतरिक और बाहरी हिस्सों में बसे परिवारों को हटाए जाने का भारतीय किसान यूनियन विरोध करेगी। यूनियन के जिला प्रवक्ता शीतल सिंह बड़वाल ने यहां जारी बयान में कहा है कि बीते दो दशकों से अधिक समय से भोगपुर डैम के अडूब भाग में 1300 और तुमड़िया डैम के अडूब भाग में 1400 परिवार बसे हैं और खेती कर रहे हैं। बीते कई दिनों से इन परिवार के सदस्यों को भूमि खाली करने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से नोटिस दिए जा रहे हैं। भाकियू इसका विरोध करती है। साथ ही भाकियू दशकों से बसे इन परिवारों के सदस्यों को भूमि पर मालिकाना हक दिए जाने की मांग भी करती है। उन्होंने चेतावनी दी यदि इन परिवारों को हटाए जाने का प्रयास किया गया तो किसान यूनियन आंदोलन करेगी।
नाले के ऊपर अतिक्रमण करने वाले 30 परिवार चिह्नित
जसपुर। चूने वाली गली के निवासियों ने एसडीएम से नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को हटाने और नाले की सफाई कराने की मांग की। लोगों ने एसडीएम सुंदर सिंह से कहा कि नगर के कुछ लोगों ने निजी लाभ के लिए नाले के ऊपर स्लैब डाल का अतिक्रमण कर लिया है। इस कारण नाले की सफाई नहीं हो पाती है। इससे उनके घरों और दुकानों में पानी भर जाता है। एसडीएम ने नायब तहसीलदार भुवन चंद आर्य को नाले के ऊपर किए गए अतिक्रमण को चिह्नित कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। नायब तहसीलदार ने अधिशासी अधिकारी जगदीश चंद्र, नगरपालिका कर्मी और राजस्व कर्मियों को साथ लेकर नाले की नापजोख कर 30 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया। आगे की कार्यवाही रिपोर्ट एसडीएम को भेज रहे हैं।