रुद्रपुर के अटरिया रोड पर लाईन मैन द्वारा किये गये अवैध निर्माण को ध्वस्त करती जेसीबी मशीन।
- फोटो : अमर उजाला
बिजली विभाग में कार्यरत एक लाइनमैन अब्दुल ने नगर निगम की जमीन पर कब्जा कर चार मकान और एक टीन शेड बना लिया। अतिक्रमण हटाने टीम पहुंची तब कर्मचारी की पोल खुली। एसडीएम पंकज उपाध्याय की मौजूदगी में एक मकान और टीन शेड को ध्वस्त किया गया। तीन मकानों के ध्वस्तीकरण के लिए एक दिन का समय दिया गया है।
जिला प्रशासन को सूचना मिल रही थी कि अब्दुल ने अटरिया रोड स्थित नगर निगम की जमीन पर अवैध निर्माण कर रखा है। बुधवार को एसडीएम पंकज उपाध्याय ने टीम के साथ अब्दुल के घर पर छापा मारा। नाले पर अवैध रूप से चार मकान तीन दुकानें बनी थी। नालियों पर बिजली के खंभों के सहारे टिन शेड डालकर कबाड़ के साथ टेंट हाउस खोला गया था। एसडीएम ने एक मकान और टीन शेड को ध्वस्त करा दिया। तीन मकानों को खाली कराने के लिए बृहस्पतिवार तक का समय दिया है। एसडीएम के अनुसार तय समय पर अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो जेसीबी चलाई जाएगी।
घर में मिले पोल और बिजली के तार
अतिक्रमण हटाने गई टीम को अब्दुल के घर से बिजली के पोल और तार के बंडल भी मिले हैं। टीम का कहना था कि इससे विभाग में गोलमाल की भी आशंका है। इस बारे में विभाग को जानकारी दी जाएगी।
जवाब दे गई जेसीबी
रुद्रपुर। अवैध निर्माण ध्वस्त करने आई जेसीबी ऐन मौके पर धोखा दे गई। चार अवैध निर्माण तोड़ने आई जेसीबी जब पहला मकान तोड़ रही थी उसी दौरान मशीन का डीजल पाइप फट गया। इस कारण ध्वस्तीकरण का काम बीच में ही रोकना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि बचे हुए तीन भवनों को बृहस्पतिवार को ध्वस्त किया जाएगा।