काशीपुर। टांडा उज्जैन में 11केवी के बिजलीघर का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य में बाधा न हो, इसके लिए ऊर्जा निगम की ओर से 29 अक्तूबर से छह नवंबर तक दिन में शटडाउन लिया गया। इसके तहत शहरी क्षेत्र में पूर्ण और आंशिक रूप से बिजली आपूर्ति बाधित रही।
ऊर्जा निगम की एसडीओ महक मिश्रा ने बताया कि 11केवी टांडा उज्जैन बिजलीघर का निर्माण किया जा रहा है। इसके लिए 33केवी उपसंस्थान बाजपुर रोड, 33केवी उपसंस्थान पक्काकोट काशीपुर से 29 से लेकर छह नवंबर तक सुबह दस बजे से लेकर शाम पांच बजे तक विद्युत आपूर्ति आंशिक रूप से बंद किया गया था।
बृहस्पतिवार को भी आवास विकास, मेन बाजार, गौतमनगर, मुरादाबाद रोड सहित अन्य स्थानों की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। कुछ स्थानों पर पूर्ण रूप से तो कुछ स्थानों पर आंशिक रूप से विद्युत आपूर्ति बंद रही। सात नवंबर से विद्युत आपूर्ति में कोई बाधा नहीं रहेगी, क्योंकि बिजली घर निर्माण कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।