तीनपानी रोड स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल में काम करने के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त वह दीवार पर पानी का छिड़काव कर रहा था। मृतक का भाई अपने अन्य साथियों संग उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा जहां जांच के बाद डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मूल रुप से गांव फालदीपुर जिला मालदान पश्चिमी बंगाल का रहने वाला 19 वर्षीय तौफीक क सेन पुत्र रोडूू सेन एक माह पूर्व अपने बड़े भाई उमर सेन के साथ रोजगार की तलाश में रुद्रपुर पहुंचा। दोनों भाई तीनपानी रोड स्थित एक निर्माणाधीन अस्पताल में मजदूरी का काम करने लगे। उमर ने बताया कि सोमवार को उसका भाई अस्पताल की दीवार पर पानी का छिड़काव कर रहा था। शाम करीब पांच बजे
अस्पताल में ही काम कर रही कुछ महिला मजदूरों ने तौफिक को जमीन पर पड़े देखा, अाैर इसकी सूचना उसे दी। जब वह मौके पर पहुंचा तो उसका भाई पानी चलाने वाली मोटर के ऊपर गिरा हुआ था। आनन फानन में वह उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा जहां जांच के बाद डाक्टरों ने तौफिक को मृत घोषित कर दिया। सूचना पर अस्पताल पहुंचे कोतवाल एनएन पंत का कहना है कि फिलहाल मौत का कारण करंट लगना प्रतीत हो रहा है। शव को पीएम के लिए भेजा गया है पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चलेगा।