खटीमा में रेलवे स्टेशन में निर्माण कार्यो का जायजा लेते डीआरएम आशुतोष पंत।
- फोटो : KHATIMA
खटीमा। टनकपुर-पीलीभीत रेल खंड पर इलेक्ट्रिक ट्रेन का ट्रायल अप्रैल में होगा। शनिवार को खटीमा स्टेशन का दौरा करने पहुंचे इज्जतनगर मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष पंत ने यह जानकारी दी। बताया कि फरवरी में बरेली-पीलीभीत खंड पर पहले ट्रॉयल होगा। उन्होंनेे निर्माण कार्यों पर असंतोष जताया और उन्हें सभी कार्यों को मार्च तक दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
विशेष रेल यान से शनिवार को खटीमा स्टेशन पहुंचे डीआरएम ने निर्माणाधीन शौचालय के लंबित कार्य, कई स्थानों पर उखड़े टाइल्स और बुकिंग कार्यालय को दुरुस्त करने को कहा। वहां पर एडीआरएम अजय वार्ष्णेय, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (प्रथम) विकास सिंह, वरिष्ठ विद्युत इंजीनियर मनीष गंगवार, मंडल दूर संचार इंजीनियर आशीष सिंह, स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी, सहायक स्टेशन अधीक्षक के लाल, पूर्व स्टेशन अधीक्षक पीके श्रीवास्तव आदि थे।
रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा
खटीमा। भाजपा कार्यकर्ताओं ने डीआरएम को रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर टनकपुर-बरेली, कासगंज से मथुरा तक नई एक्सप्रेस चलाने और महानगरों से सीमांत को जोड़ने की मांग की है। वहां पर अनमोल अग्रवाल, भाजपा नगर अध्यक्ष सतीश गोयल, अमित पांडे, रोहित चौधरी, पंकज कश्यप, विनोद जोशी थे। इसके साथ ही जीआरपी चौकी खोलने, मेलाघाट फाटक पर फ्लाई ओवर निर्माण करने आदि की मांग उठाई गई। (संवाद)