रुद्रपुर। विधायक तिलकराज बेहड़ के बेटे पर हुए साजिशन हमले के बाद राजनीति माहौल गरमा गया है। एक ओर बेहड़ बेटे के कृत्य पर सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं। वहीं दूसरी ओर पूर्व विधायक राजेश शुक्ला ने बेहड़ को आईना दिखाया था। भाजपा नेता ने व्यापारी नेता को एक दिन पहले धमकी दे डाली। अब व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा ने भाजपा नेता राधेश शर्मा पर जुबानी हमला किया है। उनका कहना है राधेश शर्मा समय तू तय कर, जगह तय कर संजय जुनेजा अब वहीं आएगा।
सोशल मीडिया पर राधेश शर्मा के बयानों का पलटवार करते हुए रविवार को संजय जुनेजा ने कहा कि राधेश ने पंजाबी और खत्री समाज को जो अपशब्द कहे वह माफ करने लायक नहीं हैं। मैं उन लोगों से भी कहना चाहता हूं जो उसे अपने साथ रखते हैं। ये आदमी उन्हें चुनाव हरा देगा। उन्होंने कहा कि हमारे खून में खत्री समाज बसा हुआ है। तराई को बसाने में परिवार के लोगों ने खून, पसीना बहाया है। उन्होंने कहा कि चुनाव आने वाले हैं इसलिए राधेश कुछ भी बोलने लगे हैं। उनका कहना है कि किसी भी समाज पर मुसीबत आएगी तो संजय जुनेजा खड़ा रहेगा।