खटीमा। सुरई वन रेंज से सटे बग्गा चौवन गांव में बुधवार सुबह पालतू जानवरों को चराने जंगल गई 71 वर्षीय बुजुर्ग गोपली देवी पर बाघ ने हमला कर उन्हें निवाला बना लिया। बाघ महिला के शव को करीब 30 मीटर तक घसीटकर झाड़ियों में ले गया। वन विभाग की टीम ने हवाई फायरिंग की जिसके बाद बाघ शव को छोड़कर जंगल में भाग गया।
जानकारी के अनुसार बग्गा चौवन निवासी गोपली देवी पत्नी दुर्गा सिंह सुबह गांव की अन्य महिलाओं के साथ मवेशी चराने के लिए सुरई रेंज के जंगल में गई थीं। करीब 10:30 बजे घात लगाकर बैठे बाघ ने अचानक गोपली देवी पर हमला कर दिया। बाघ ने उनकी गर्दन दबोच ली और उन्हें घटनास्थल से 30 मीटर दूर घनी झाड़ियों में खींचकर ले गया।
साथ गई अन्य महिलाओं ने जब यह खौफनाक मंजर देखा तो उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया और तत्काल गांव वालों को इसकी सूचना दी। कुछ ही देर में ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। बाघ को भगाने के लिए वन विभाग की टीम ने चार राउंड हवाई फायरिंग की जिसके बाद बाघ महिला को छोड़कर जंगल में भाग गया।
पुलिस और वन विभाग की टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस घटना के बाद से बग्गा चौवन और आसपास के सीमावर्ती गांवों में दहशत है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और बाघ से सुरक्षा दिलाने की मांग की है।
घटना सुरई वन क्षेत्र के कंपार्टमेंट संख्या 47 में हुई है। बाघ ने महिला की गर्दन पर हमला किया था। वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से बाघ के लार और बालों के सैंपल लिए हैं जिन्हें जांच के लिए देहरादून स्थित लैब भेजा जाएगा। - राजेंद्र सिंह मनराल, वन क्षेत्राधिकारी