काशीपुर। कोहरा पड़ने से हादसे बढ़ने लगे हैं। टेंपो और बाइक की भिड़ंत में एक बुजुर्ग की मौत हो गई जबकि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
ग्राम फिरोजपुर निवासी ओमप्रकाश (55) पुत्र स्व. लालाराम बीमार थे और कई महीनों से एलडी भट्ट सरकारी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। आराम होने के बाद सोमवार को वह गांव के ही किसी व्यक्ति के टेंपो में सवार होकर सरकारी अस्पताल में जांच कराने के लिए जा रहे थे। टेंपो में उनके अलावा चालक और एक सवारी बैठी थी। मानपुर रोड स्थित सरकारी स्कूल के पास सामने से आ रहे गांव के ही आशीष कुमार (25) पुत्र जयसिंह की तेज रफ्तार बाइक की टेंपो से जबरदस्त टक्कर हो गई। घटना के बाद टेंपो पलट गया।
टेंपो में सवार ओमप्रकाश, आशीष गंभीर रूप से घायल और गांव निवासी ब्रह्मपाल (48) पुत्र बंदी चोटिल हो गए, जबकि टेंपो चालक सकुशल बच गया। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस ने घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टर ने बुजुर्ग ओमप्रकाश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी कमलेश, पांच पुत्र और दो पुत्रियों को बिलखता छोड़ गया है। वह खेती-बाड़ी करते थे। मृतक के बड़े पुत्र जसबीर ने बताया कि बाइक सवार ने हेलमेट नहीं पहना था। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी जबकि गंभीर रूप से घायल आशीष का इलाज चल रहा है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।