गूलरभोज। चार माह पहले बुक्सा समाज के आराध्य राजा जगत देव की मूर्ति किसी ने खंडित कर दी थी। अब जिला विकास प्राधिकरण ने नई मूर्ति लगाने की कवायद शुरू कर दी है। प्राधिकरण की ओर से टेंडर प्रक्रिया निकाली गई है।
वर्ष 2022 में जिला विकास प्राधिकरण ने बेरिया के समीप डल बाबा मंदिर परिसर में बुक्सा समाज के आराध्य राजा जगत देव की मूर्ति को स्थापित किया था। 28 फरवरी को कुछ अराजक तत्वों ने मूर्ति को खंडित कर दिया था। सूचना पर क्षेत्रीय विधायक अरविंद पांडेय और जनजाति आयोग के सदस्य बाबू सिंह तोमर के नेतृत्व में बुक्सा समाज ने प्रदर्शन कर आक्रोश जताया था। बाबू सिंह तोमर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गदरपुर थाने में तहरीर भी दी थी।
एक मार्च को विधायक अरविंद पांडेय ने सीडीओ मनीष कुमार से मुलाकात कर डीडीए के अधिकारियों को वहां नई मूर्ति लगवाने के लिए निर्देशित कराया था। बाबू सिंह तोमर ने भी साथियों के साथ डीडीए के उपाध्यक्ष जय किशन से मुलाकात कर पत्थर की मूर्ति के स्थान पर अष्टधातु की मूर्ति लगाने की मांग की थी। प्रतिमा को खंडित किए जाने के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे।