काशीपुर। समायोजन प्रक्रिया की जद में आने वाले कुछ शिक्षक अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना कर काशीपुर छोड़ने के लिए तैयार नहीं हैं। अधिकारी भी कुछ समय बाद ऐसे लोगों को उन्हीं के क्षेत्र में भेज देते हैं।
तीन अप्रैल को जिला शिक्षाधिकारी बेसिक हरेंद्र कुमार मिश्रा ने लिखित आदेश जारी कर कहा कि मानक से अधिक-असंगत अध्यापकों का समायोजन किया जाना है। इसके तहत राउप्रावि खड़कपुर देवीपुरा में तैनात शिक्षिका को राउप्रावि विजय रम्पुरा बाजपुर, कन्या नगर क्षेत्र काशीपुर के शिक्षक को जोगीपुरा बाजपुर, जैतपुर घोसी काशीपुर से शिक्षक को जोगीपुरा बाजपुर में समायोजित किया गया है।
इसी क्रम में खड़कपुर देवीपुरा के शिक्षक को हजीरोफार्म जसपुर, कुमाऊं कॉलोनी काशीपुर शिक्षिका को पटौटी बाजपुर, रेलवे टांडा काशीपुर के शिक्षक को रतनपुरा बाजपुर, कुमाऊं कॉलोनी काशीपुर की शिक्षिका को नूरपुर काशीपुर, रेलवे टांडा की शिक्षिका को कनकपुर काशीपुर, गुलड़िया की शिक्षिका को पैगा काशीपुर, रजपुरा रानी काशीपुर के शिक्षक को पैगा समायोजित किया है।
इसके बावजूद काशीपुर के दो शिक्षक आदेशों को दरकिनार कर अभी तक स्थानांतरण वाले स्थान पर नहीं गए हैं। शिक्षा विभाग से मिली जानकारी के अनुसार दोनों शिक्षक स्कूलों से रिलीव हो चुके हैं लेकिन अब मेडिकल लीव पर चल रहे हैं।