काशीपुर। छात्र-छात्राओं को जीर्णशीर्ण स्कूल भवन में बैठाने वालों के खिलाफ शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। अधिकारियों ने बरसात के समय सुरक्षित स्थान पर छात्र-छात्राओं को पढ़ाने के निर्देश दिए हैं।
बीईओ धीरेंद्र कुमार साहू ने राजकीय प्राथमिक और राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी किया है। उन्होंने कहा कि विभाग ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के संबंध में निर्देश जारी किए हैं। जीर्णशीर्ण भवनों में छात्र-छात्राओं को बैठाकर नहीं पढ़ाया जाए। सुरक्षित स्थान पर अध्यापन कार्य कराने के लिए कहा है। जिन स्कूलों में भवन या कक्षा-कक्ष जर्जर हो चुके हैं। ऐसे भवनों का ध्वस्तीकरण का प्रस्ताव उपलब्ध करा दें। बीती 10 जुलाई को भी इस संबंध में सीईओ भी निर्देश जारी कर चुके हैं। बता दें कि काशीपुर क्षेत्र के जर्जर नौ स्कूलों में से इक्का-दुक्का के ध्वस्तीकरण का कार्य चल रहा है। राजकीय प्राथमिक विद्यालय महादेव नगर के बच्चे आरएस ढिल्लो इंटर कॉलेज के एक कक्ष और ढकिया नंबर एक के बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में बैठाए जा रहे हैं।
राप्रावि नवीन कन्या के बच्चे बरामदे में बैठकर शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बीईओ धीरेंद्र कुमार साहू ने बताया कि राउमावि ढकिया नंबर, शिवलालपुर अमरझंडा, जीजीआईसी का बीटीसी भवन, राइंका प्रतापपुर में छह कक्षा-कक्षा दो बरामदे, राप्रावि ढकिया नंबर एक का भवन, अहरपुरा में दो कक्षा-कक्ष एक बरामदा, महादेव नगर में पूरा भवन, राउप्रावि नवीन में छह कक्ष एक बरामदा, राप्रावि नवीन कन्या में एक कक्ष एक बरामदा ध्वस्त होना था। लगभग सभी विद्यालयों में ध्वस्तीकरण कार्य हो चुका है। बरसात के समय सुरक्षित स्थान पर अध्यापन कार्य के निर्देश दिए गए हैं।