काशीपुर। मानक से अधिक जमे शिक्षकों के समायोजन को लेकर शिक्षा विभाग सख्त हो गया है। दूसरे विकास खंडों में काशीपुर समेत जिले के 76 शिक्षकों की 16 जनवरी को काउंसलिंग होनी है। इसके बाद शिक्षकों का समायोजन हो सकेगा।
पिछले माह विद्यालयों में मानक से अधिक शिक्षक जमे होने पर विकास खंड स्तर पर समायोजन प्रक्रिया पूर्ण हो गई है। काशीपुर में छह शिक्षिकाओं का समायोजन काशीपुर के विद्यालयों में किया जा चुका है। अब जिला स्तर पर दूसरे विकास खंडों में समायोजन होगा।
इसके लिए विभाग ने तैयारी करके जिला शिक्षाधिकारी बेसिक हरेंद्र कुमार मिश्र ने जिले के विकास खंडों को पत्र भेज दिया है। इसमें उन्होंने कहा कि उप शिक्षाधिकारी के विकल्प पत्रों के आधार पर ब्लॉक में समायोजन हो गया है लेकिन अभी विद्यालयों में मानक से अधिक शिक्षक जमे हुए हैं।
इस कारण से जिला स्तर पर समायोजन किया जाना है। इसमें दूसरे विकास खंडों में शिक्षकों का समायोजन होना है। इसमें जिले के 76 शिक्षकों की सूची संबंधित अधिकारियों को भेजी गई है। ऐसे शिक्षकों को 16 जनवरी को डीईओ बेसिक कार्यालय उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिवलालपुर अमरझंडा, बांसखेड़ा कलां, बरखेड़ा पांडे, ढकिया गुलाबो, एस्कॉर्टफार्म, गंज, रघुनाथ राय गंज, अरुणा आसफ अली नगर क्षेत्र, कचनाल गाजी, कुंडेश्वरी, पच्चावाला, रेलवे टांडा, रजपुरा रानी, मानपुर, खालसा नगर क्षेत्र में कुल 16 शिक्षक-शिक्षकाएं मानक से अधिक जमे हुए हैं। इनका दूसरे विकास खंडों में समायोजन होना है।
वर्जन
जिला स्तरीय समायोजन प्रक्रिया के संबंध में पत्र प्राप्त हुआ है। काशीपुर में 15 विद्यालयों के 16 शिक्षक-शिक्षिकाओं का दूसरे विकास खंडों में समायोजन होना है। इस संबंध में उन्हें 16 जनवरी को काउंसलिंग में उपस्थित होने के निर्देश दिए जाएंगे।
-धीरेंद्र कुमार साहू, खंड शिक्षाधिकारी काशीपुर