काशीपुर। एलडी भट्ट राजकीय उप जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर ई-रिक्शा चालकों और बेतरतीब खड़े वाहनों की मनमानी गंभीर मरीजों के लिए मुसीबत का सबब बन गई है। अस्पताल गेट के सामने वाहनों का जमावड़ा लगने से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन वाहनों को निकलने के लिए रास्ता नहीं मिल पा रहा है, जिससे कभी भी बड़ी अनहोनी हो सकती है।
अस्पताल के बाहर रामनगर रोड पर दिनभर सवारी बैठाने के फेर में ई-रिक्शा का जमावड़ा लगा रहता है। स्थिति इतनी खराब है कि ई-रिक्शा चालक अस्पताल के भीतर तक पहुंच जाते हैं। इसके अलावा गेट के दूसरी तरफ ठेले और बेतरतीब खड़े दोपहिया वाहनों के कारण मार्ग काफी संकरा हो जाता है। हाल ही में एक दुर्घटना में घायल मरीज को लेकर आ रही एंबुलेंस को गेट पर खड़े वाहनों के कारण काफी देर तक रुकना पड़ा, जो मरीज की जान के लिए जोखिम भरा हो सकता था।
पार्किंग खाली, गेट पर भीड़
अस्पताल परिसर में पार्किंग की सुविधा है। इसके बावजूद लोग अपने वाहन गेट के सामने खड़े कर जांच कराने चले जाते हैं। बार-बार मना करने के बावजूद इन वाहन चालकों पर कोई असर नहीं हो रहा है और न ही प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई की जा रही है।
बयान
- अस्पताल गेट के बाहर ई-रिक्शा खड़े रहने से एंबुलेंस और मरीजों को लाने-ले जाने में काफी दिक्कतें आ रही हैं। सुरक्षाकर्मियों को सख्त निर्देश दिए जाएंगे कि गेट के पास किसी भी सूरत में वाहन खड़े न होने दें। - डॉ. वरुण भारद्वाज, प्रभारी सीएमएस