काशीपुर। शहर में बढ़ते जाम से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने ई-रिक्शा और टेंपो के लिए अलग स्टैंड बनाने की कवायद शुरू की है। निगम की ओर से नगर में भूमि की तलाश की जा रही है। स्टैंड बनने से आए दिन लगने वाले जाम से निजात मिलेगी।
शहर के महाराणा प्रताप चौक आरओबी के आसपास, चीमा चौराहा, मेन बाजार, रामनगर रोड और बाजपुर रोड पर ई-रिक्शा और टेंपो सड़क किनारे ही खड़े रहते हैं। इसके कारण पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। स्कूल और कार्यालय आने-जाने के समय पर दिक्कत अधिक बढ़ जाती है। जाम लगने से वाहन चालकों, यात्रियों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। क्षेत्रवासी लंबे समय से ई-रिक्शा और टेंपो के लिए पार्किंग व्यवस्था करने की मांग कर रहे हैं।
मेयर दीपक बाली ने बताया कि शहर में पांच-छह स्थानों पर ई-रिक्शा और टेंपो स्टैंड बनाने के लिए जगह देखी जा रही है। शहर के सभी मार्गों पर जमीन चिह्नित करने की तैयारी हो रही है। भूमि चयन के बाद पार्किंग स्थल का निर्माण कराया जाएगा।