एक प्राइवेट अस्पताल में किडनी का आप्रेशन कराने आई महिला की आप्रेशन के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गयी। महिला के परिजनों ने डाक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में जमकर हंगामा काटा। इस दौरान डाक्टर और स्टाफ मौके से खिसक गए।
तब मृतका के परिजन शव को लेकर घर चले गए। समाचार लिखे जाने तक घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।
मुरादाबाद स्थित ग्राम हरतला निवासी इशत्याक की पत्नी रेहाना (35) का काली बस्ती काशीपुर में मायका है।
रेहाना की किडनी में कुछ परेशानी थी।
लिहाजा वह अल्ली खां स्थित एक प्राइवेट अस्पताल में आप्रेशन कराने आयी थी। मंगलवार की सुबह रेहाना का आप्रेशन ठीक-ठाक हो गया। देर शाम उसने पेट में दर्द बताया तो अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों ने उसे इंजेक्शन लगा दिया। इसके बाद उसकी मौत हो गयी।
महिला की मौत होते ही उसके परिजन भड़क गए उन्होंने डाक्टर और अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी पर लापरवाही का आरोप लगाकर अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
इससे घबराए डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मी अस्पताल से खिसक गए।
परिजन कुछ देर तक हंगामा करने के बाद शव को लेकर मृतका के मायके काली बस्ती चले गए। उधर मृतका रेहाना के पिता कलुआ ने डाक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाकर कहा कि वह आपस में रायमशविरा कर कार्रवाई करेंगे।