निर्वाचन विभाग ने इस बार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात कर्मियों की ड्यूटी भी चुनाव में लगा दी है। ऐसे में चुनाव के दौरान सात दिन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कर्मचारी विहीन हो जाएगा। जिससे यहां उपचार के लिए आने वाले मरीजों को दिक्कतों से जूझना पड़ेगा।
बिना स्थायी चिकित्सक के संचालित हो रहे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर चुनाव आयोग के निर्देश ने परेशानी बढ़ा दी हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी फार्मेसिस्ट हरीश चंद सती, वार्डबॉय गुरदास सिंह, प्रकाश जोशी की चुनाव ड्यूटी लगाई गई हैं। इसके चलते स्वास्थ्य कर्मी नौ फरवरी से 15 फरवरी तक प्रशिक्षण और निर्वाचन ड्यूटी पर रहेंगे।
इस दौरान स्वास्थ्य केंद्र की जिम्मेदारी संविदा पर तैनात डॉ. इब्राहिम बेग और डा. प्रमोद कुमार पाल के कंधों पर रहेगी। क्षेत्र में करीब 40 हजार की जनसंख्या है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र में कोई कर्मचारी नहीं होने के चलते दुघर्टना होने पर घायलों का प्राथमिक उपचार मुहैया कराना उनके लिए चुनौती रहेगा। बताया जा रहा है कि प्रतापपुर, शक्तिफार्म, साधूनगर, मैनाझुंडी, तिलियापुर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात स्वास्थ्य कर्मियों की भी चुनाव ड्यूटी लगाई गई है।