काशीपुर। नगर निगम क्षेत्र में अब तक रूट निर्धारित नहीं होने और किराया तय नहीं होने से ई-रिक्शा चालक बाहरी व्यक्तियों से मनमाना किराया वसूल रहे हैं। ऐसे में आए दिन सवारियों से वाहन चालकों की नोंकझोंक होना आम बात हो गई है।
नगर निगम क्षेत्र में शहरी ई-रिक्शा चालकों के अलावा यूपी से सटे क्षेत्र के हजारों ई-रिक्शा सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। कभी-कभार पुलिस प्रशासन की ओर से बाहरी रिक्शा चालकों व ई-रिक्शों में सवारी के बजाए माल ढोने वाले चालकों के खिलाफ अभियान चलाया जाता है। ई-रिक्शा चालकों पर पुलिस प्रशासन व नगर निगम प्रशासन का शिकंजा ढीला होने के कारण चालक मनमानी करते हैं और खासकर बाहरी क्षेत्रों से आने वालों से मनमाना किराया वसूल कर उनकी जेब ढीली करते हैं। कई बार तो सवारियों से किराये को लेकर नोंकझोंक तक हो जाती है। पूर्व में कई बार क्षेत्रवासी शहर में जाम से निजात दिलाने को ई-रिक्शा का रूट प्लान और किराया तय करने की मांग कर चुके हैं। ई-रिक्शा चालक रेलवे स्टेशन पर आने वाले बाहरी व्यक्तियों से चीमा चौराहा तक 20 रुपये व स्टेडियम तिराहा तक एक-एक सवारी से 40 रुपये तक किराया वसूल लेते हैं।