जिले के सरकारी विभागों में कई कर्मचारियों और अधिकारियों के ड्यूटी के दौरान शराब के नशे में आने की शिकायत डीएम डा. नीरज खैरवाल को काफी दिनों से मिल रही थी। हाल ही में सितारगंज तहसील में भी एक राजपत्रित अधिकारी के दफ्तर में शराब पीने और लोगों से अभद्र व्यवहार का मामला उजागर होने के बाद डीएम डा. नीरज खैरवाल ने इस मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने जिलास्तर के सभी अधिकारियों और उपजिलाधिकारियों को सर्कुलर जारी कर कड़ी चेतावनी दी। कहा कोई भी अधिकारी या कर्मचारी ड्यूटी के दौरान नशे में पाया गया तो बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाएगी।
डीएम कार्यालय से जारी ने आदेश में कहा गया कि जिले के कई अधिकारी और कर्मचारी शराब पीकर दफ्तर आते हैं, जिससे आम लोगों और फरियादियों को अपने कार्य कराने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। यदि कोई भी अधिकारी, कर्मचारी अपने कार्यालय में शराब पीते पाया गया तो उसका यह कृत्य कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 एवं उत्तरांचल सरकारी सेवा नियमावली-2003 का उल्लंघन होगा। ऐसे स्थिति में संबंधित अधिकारी और कर्मचारी का सरकारी सेवा में रहना, जनहित और सरकार हित में ठीक नहीं है। कोई अधिकारी और कर्मचारी शराब पीकर दफ्तर पहुंचा तो कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। आरोपी को नौकरी से बर्खास्त करने की कार्रवाई की जाएगी।