काशीपुर। दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में 16 अक्तूबर को श्री द्रोणा सागर पर भव्य दीपोत्सव कार्यक्रम किया जाएगा। इस अवसर पर 31 हजार दीपक प्रज्वलित किए जाएंगे। सांस्कृतिक संध्या के साथ दीवाली मेला भी लगेगा। यह आयोजन हिंदू राष्ट्र शक्ति की ओर से एक दीया मेरा भी प्रभु को समर्पित भावना के तहत किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हरियाणा के पटौदी के हरि मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी धर्मदेव होंगे।
हिंदू राष्ट्र शक्ति के राष्ट्रीय प्रभारी संजय भाटिया और जिला अध्यक्ष गौरव गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति, परंपरा और उत्सव की भावना को एक सूत्र में पिरोना है। दीपों की रोशनी के साथ लोकगीत, नृत्य और धार्मिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम का माहौल भक्ति और उल्लास से भरा होगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी है।
दिवाली मेला शाम चार बजे से शुरू होगा और पांच बजे पूज्य महामंडलेश्वर के प्रवचन होंगे। इसके बाद शाम 5:30 बजे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और छह बजे दीप प्रज्वलन समारोह का आयोजन होगा। दीपोत्सव कार्यक्रम पूर्व की भांति शानदार एवं भव्य होगा। दिवाली मेले में खाद्य पदार्थों के स्टॉल के साथ-साथ हस्तशिल्प और पारंपरिक उत्पादों के आकर्षक स्टॉल भी लगाए जाएंगे। आगंतुक धर्म प्रेमियों को मेले में लगे स्टॉलों पर सामान महंगा न मिले इसलिए किसी भी स्टॉल से किसी तरह का कोई शुल्क नहीं लिया गया है। इन्होंने यह भी बताया कि यह आयोजन सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम को समर्पित भक्ति और एकता का दीपोत्सव होगा।