रुद्रपुर। एक कंपनी का माल छोड़ने रांची गया चालक अपने ट्रक में फंदे से लटका मिला। पोस्टमार्टम के बाद रांची से शव लेकर आए परिजनों और साथी चालकों ने शव रखी एंबुलेंस के साथ ट्रांसपोर्टर के ऑफिस पर हंगामा किया।
उन्होंने चालक की हत्या की आशंका जताई है। सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझा बुझाकर मामला शांत किया।
पहाड़गंज निवासी जीशान करतारपुर रोड एमएस वीजीएम एक्सप्रेस लॉजिस्टिक ट्रांसपोर्ट का ट्रक चलाता था। वह 21 मई को ट्रक लेकर मानेश्वर से नोएडा और वहां से माल लेकर रांची के लिए निकला था। 28 मई को रांची के टाटी सिल्वे थाना क्षेत्र के एक गोदाम के पास ट्रक के पीछे लोहे के एंगल में बंधी रस्सी से उसका शव लटका मिला था। सूचना पर वहां की पुलिस पहुंची।
पुलिस ने मौका मुआयना के बाद परिजनों को सूचित किया। शुक्रवार की शाम रांची से पोस्टमार्टम के बाद शव लेकर परिजन ट्रांसपोर्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जीशान की हत्या की आशंका जताई और ट्रांसपोर्टर पर किसी प्रकार की जानकारी और मदद नहीं करने का आरोप लगाया।
हंगामे की सूचना पर एसएसआई ललित मोहन रावल टीम के साथ मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। कोतवाली मनोज रतूड़ी ने बताया कि रांची में घटना हुई थी। लोगों को समझकर शांत कर दिया गया है।