परिवहन विभाग की चेकिंग के दौरान शुक्रवार रात लालपुर चौकी के पास दर्दनाक हादसा हो गया। चेकिंग के लिए रोके गए ट्रक का चालक कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मारते हुए रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद अनियंत्रित ट्रक एआरटीओ की खड़ी गाड़ी से जा टकराया और उसकी चपेट में आकर परिवहन विभाग का एक सिपाही भी घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात परिवहन विभाग की टीम लालपुर चौकी के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक ट्रक को रोककर उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही थी। ट्रक चालक इमरान (24) पुत्र एहसान, निवासी ग्राम थावला, बिलारी, मुरादाबाद कागजात लेकर अधिकारियों के पास जा रहा था, तभी पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक एआरटीओ की गाड़ी से टकरा गया। हादसे में विभाग का सिपाही भी घायल हो गया।
घायल इमरान को तत्काल रुद्रपुर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे रेफर कर दिया गया। बाद में जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, इमरान ट्रक में माल लोड कर काशीपुर से गोरखपुर जा रहा था। सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं, परिवहन विभाग की ओर से भी फरार ट्रक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।