दिनेशपुर। निजी टेलीकॉम कंपनी की लापरवाही के चलते दो स्थानों पर जल संस्थान का सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बुधवार सुबह नगर की पेयजल आपूर्ति से बाधित रही और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देर शाम को जल संस्थान कर्मियों के कड़ी मशक्कत के बाद धीमी गति से सप्लाई चालू हो पाई।
गूलरभोज मार्ग पर एक निजी कंपनी की ओर से भूमिगत केबल बिछाने का काम चल रहा है। खटोला के पास खोदाई के दौरान नीचे से जा रही जल संस्थान की मेन सप्लाई लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण बुधवार सुबह से नगर की पेयजल आपूर्ति ठप हो गई। दिनभर की कड़ी मशक्कत के बाद जल संस्थान के कर्मचारी देर शाम को पाइप लाइन को ठीक कर पाए। इसके बाद धीमी गति से सप्लाई चालू की गई। जल संस्थान के जेई आरएस नयाल ने बताया कि अभी मुख्य चौराहे के पास लाइन क्षतिग्रस्त है। अत्यधिक भीड़ होने के कारण वहां रविवार को मशीन लगाकर लाइन को दुरुस्त किया जाएगा। संवाद