काशीपुर। मानसून के आगमन के साथ ही शहरों में जलभराव की समस्या एक गंभीर विषय है। इससे निपटने के लिए बरसात से पहले ड्रेनेज प्वाॅइंटों और नालों की साफ-सफाई महत्वपूर्ण है। बारिश का पानी सुचारू रूप से बह सके और सड़कों पर जमा न हो इसके लिए सिंचाई विभाग की ओर से ड्रेनेज प्वाॅइंटों की सफाई कराने की तैयारी शुरू हो गई है और जल्द ही कार्य शुरू होने जा रहा है।
पिछले साल मानसून की पहली बारिश ने काशीपुर को जलमग्न कर दिया था। शहर के कई हिस्सों में जलभराव इतना गंभीर था कि सड़कों पर घुटनों तक पानी भर गया। बारिश थमने के कई घंटों बाद तक भी कई इलाकों में पानी जमा रहा जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था। ऐसे में इस बार बरसात से पहले शहर के सिंचाई नालों के अलावा सभी ड्रेनेज प्वॉइंटों को साफ करने की तैयारी शुरू हो चुकी है। दो माह बाद मानसून सीजन शुरू होने जा रहा है और इस बार शहर को जलमग्न होने से बचाने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से कवायद शुरू हो गई है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अमित गुप्ता ने बताया कि सिंचाई नहर लक्ष्मीपुर माइनर सहित शहर के सभी ड्रेनेज प्वाॅइंटों को साफ किया जाएगा। कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा ताकि मानसून से पहले काम को पूरा किया जा सके।