विकासखंड के दानपुर गांव में ढाई हेक्टेयर जमीन पर लगाए गए ड्रैगन फ्रूट की फसल पककर तैयार हो गई है। करीब 40 किलो ड्रैगन फ्रूट बिगवाड़ा मंडी में पहुंच गए हैं। आढ़तियों की ओर से इन्हें स्थानीय दुकानदारों को सौ रुपये में दो ड्रैगन फ्रूट की दर से बेचा जाएगा।
सेवानिवृत्त मेजर केशव सिंगला के ड्रैगन फ्रूट प्रबंधक मनीष विरमानी ने बताया कि कैंसर जैसी बीमारियों में डॉक्टरों की ओर से ड्रैगन फ्रूट खाने की सलाह दी जाती है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने वाले ड्रैगन फ्रूट की उत्तराखंड, यूपी समेत दिल्ली में भी काफी मांग है। उन्होंने बताया कि रुद्रपुर बिगवाड़ा मंडी में सप्लाई करने के बाद वह इसे राज्य के साथ ही पड़ोसी राज्यों में भी सप्लाई करेंगे।
उन्होंने बताया कि एक बार खेती करने में ही लाखों रुपये का फायदा होता है। बताया कि सब कुछ ठीक रहा तो वह लोगों को सस्ते दामों में ड्रैगन फ्रूट बेचने के लिए खुद की इसकी बिक्री करेंगे। इसके साथ ही एक ब्रांड का नाम देकर वह फ्रूट को ग्राहकों तक होम डिलीवरी की सुविधा भी देंगे। इधर, जिला उद्यान अधिकारी हरीश तिवारी ने बताया कि जिले में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा देने के लिए सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली योजना में काश्तकारों को सब्सिडी दी जाएगी।