रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची का ड्राफ्ट जारी कर दिया गया है। जिले में कुल 11,55,672 मतदाता पंजीकृत पाए गए हैं। अपूर्ण विवरण वाले फॉर्मों के मामले में ऊधम सिंह नगर प्रदेश में सबसे ऊपर है। जिले का 13.33 प्रतिशत का आंकड़ा राज्य के औसत 10.39 प्रतिशत से भी अधिक है।
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि कुल मतदाताओं में 6.06 लाख पुरुष, 5.48 लाख महिलाएं और 29 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। जिले में मतदाता सूची के डिजिटलीकरण का कार्य 86.67 प्रतिशत पूरा हो चुका है। कुल 13.33 लाख प्रविष्टियों में से 11.55 लाख फॉर्म डिजिटाइज किए जा चुके हैं जबकि करीब 1.77 लाख फॉर्म ऐसे हैं, जिनका विवरण अब तक एकत्र नहीं हो सका है। यह जिले की कुल प्रविष्टियों का 13.33 प्रतिशत है।
आगे क्या...
14 जुलाई से 13 अगस्त तक बीएलओ मतदाता सूची में छूटे नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन का कार्य करेंगे। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। जिन मतदाताओं का नाम सूची में नहीं है वे ऑनलाइन अथवा निर्धारित माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। सहायक निर्वाचक अधिकारी मतदाता सूची से संबंधित त्रुटियों और दावों-आपत्तियों की सुनवाई करेंगे। इसके अलावा जिन लोगों के नाम दो स्थानों की मतदाता सूची में दर्ज हैं या जिनकी मैपिंग में त्रुटि है उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार किया जाएगा। अंतिम मतदाता सूची सितंबर में प्रकाशित की जाएगी।
कोट
चुनाव आयोग के निर्देशों के बाद बूथ स्तर पर सत्यापन अभियान तेज कर दिया गया है। अंतिम मतदाता सूची जारी होने से पहले सभी दावों और आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा। -विजय कुमार जोगदंडे, अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी
काशीपुर में घट गए 28701 मतदाता
काशीपुर। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 के तहत सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रकाशित पहली मतदाता सूची में काशीपुर विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं की संख्या में 28,701 की कमी दर्ज की गई है। एसआईआर से पहले क्षेत्र में 1,63,690 मतदाता थे जो अब घटकर 1,34,989 रह गए हैं।
निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र में एसआईआर का सत्यापन कार्य 8 जून से 2 जुलाई तक चला था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 14 जुलाई को पहली मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। संशोधित मतदाता सूची के अनुसार काशीपुर विधानसभा क्षेत्र में 70,909 पुरुष और 64,080 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।
सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं तहसीलदार पंकज चंदोला ने बताया कि एसआईआर से पहले विधानसभा क्षेत्र में 202 मतदान केंद्र थे। सत्यापन के बाद मतदाताओं की संख्या को देखते हुए इनकी संख्या बढ़ाकर 219 कर दी गई है। जिन बूथों पर 1,250 से अधिक मतदाता थे वहां नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। संवाद