रुद्रपुर। नगर निगम के प्रस्तावित नए ग्रीन भवन की कवायद की जा रही है। शासन से सैद्धांतिक स्वीकृति के बाद निगम ने 16 करेाड़ रुपये की डीपीआर तैयार की है और उसे परीक्षण के लिए जिला स्तर की तकनीकी असेसमेंट कमेटी को भेज दिया है।
कमेटी से हरी झंडी के बाद डीपीआर मंजूरी के लिए शासन को भेजी जाएगी। दरअसल नगर निगम के भवन वर्ष 1952 के बने हुए हैं। नए निर्माण के नाम पर कुछ साल पहले दो मंजिला भवन बना है और उसमें ऑडिटोरियम हॉल व कुछ कक्ष बने हुए हैं लेकिन स्टाफ के लिए कक्षों की कमी है।
इसके चलते लोगाें को भी काम कराने में दिक्कतें होती हैं। इसको देखते हुए शासन को नगर निगम के नए ग्रीन भवन का प्रस्ताव भेजा गया था। शासन की ओर से सैद्धांतिक स्वीकृति मिलने के बाद निगम ने अपने आर्किटेक्ट से प्रोजेक्ट की डीपीआर और डिजाइन बनवाया है।
चार मंजिला ग्रीन भवन तमाम सुविधाओं से लैस होगा। एक ही भवन में निगम के सारे दफ्तर संचालित होंगे।