रुद्रपुर। डीएम रंजना राजगुरू की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में 13 डिस्ट्रिक्ट 13 डेस्टीनेशन योजना के तहत संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें डीएम ने अब तक किए गए कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने योजना के कार्यों की प्रगति कम होने पर कड़ी नाराजगी जताते हुए उरेडा विभाग को कार्यशैली में सुधार लगाने की निर्देश दिए।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में हुई बैठक में उरेडा के परियोजना अधिकारी आरसी पांडेय ने अवगत कराया कि बौर जलाशय में 10 मेगावाट का ही सोलर प्लांट डेस्टीनेशन योजना के तहत प्रस्तावित है। पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने काशीपुर स्थित द्रोणसागर पर्यटन स्थल के प्रोजेक्ट की जानकारी दी। बताया कि काशीपुर में 17.5 एकड़ में एक पर्यटन स्थल के रूप में पार्क विकसित किया जाना है।
इसमें म्यूजियम, फूड कोर्ट, एक थियेटर भी शामिल है। डीएम ने संबंधित अधिकारी को द्रोणसागर प्रोजेक्ट की डीपीआर दो दिन में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। कहा कि द्रोणसागर पर्यटन स्थल जिस स्थान पर तैयार किया जाना है, वहां सीडीओ एसडीएम बाजपुर और काशीपुर संयुक्त रूप से भूमि के दस्तावेज की जांच कर स्थल का भी निरीक्षण करें। यह प्रोजेक्ट मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजना है।
डीएम ने नाराजगी जताते हुए कहा कि उरेडा विभाग को वास्तविकता की जानकारी नहीं है। इस तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बौर और हरिपुरा जलाशय को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना की समीक्षा में डीएम ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को जलाशय तक पहुंच मार्ग को ठीक करने, पार्किंग व्यवस्था, जलाशय में मछलियों के अवैध शिकार का रोकने को पुलिस के साथ संयुक्त छापा मारने, शौचालय निर्माण तक सैलानियों की सुविधा के लिए मोबाइल शौचालय की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एएसपी को जलाशय पर सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को तैनात करने के निर्देश दिए। बैठक में सीडीओ हिमांशु खुराना, एएसपी प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट काशीपुर गौरव कुमार, एसडीएम एपी बाजपेयी, इंजीनियर सिंचाई एससी रमोला, महाप्रबंधक केएमवीएम अशोक जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी पीके गौतम आदि अधिकारी मौजूद रहे।