बाजपुर। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नगर के मोहल्ला संजय कॉलोनी निवासी अनुराधा ने बताया कि उसकी शादी सात मई 2023 को गदरपुर निवासी एक युवक से हुई थी।
कुछ ही दिनों बाद पति सहित अन्य ससुरालियों ने दहेज को लेकर ताने देना शुरू कर दिया। उसके पति ने नौकरी लगाने के नाम पर उसके खाते से चार लाख रुपये भी निकलवा लिए।
उसके बाद दहेज में पांच लाख रुपये की डिमांड पूरी नहीं होने पर पति और ससुरालियों ने मारपीट कर प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। 29 अप्रैल को उसके पति सहित अन्य ससुरालियों ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। तभी से वह अपने पिता के घर पर रह रही है। बीती दो मई 25 को उसके पति और ससुराली उसके मायके आए।
उन्होंने गालीगलौज की। आरोपियों ने पांच लाख रुपये लेकर नहीं आने पर जान से मारने की धमकी दी। उसके पिता सहित अन्य लोगों ने उसे बचाया। घटना की तहरीर कोतवाली और डाक से एसएसपी को शिकायत की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
उसने न्यायालय की शरण ली। सीओ विभव सैनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर दहेज उत्पीड़न में पति अर्शदीप, देवेंद्र कौर, जगविंदर कौर निवासी गांव बहरा बजीर खानपुर गदरपुर के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच एसआई प्रहलाद सिंह को सौंपी गई है।