रुद्रपुर कलक्ट्रेट जिला टास्क फोर्स की बैठक करती डीएम रंजना राजगुरु।
- फोटो : RUDRAPUR
जिले में एक नवंबर से सात नवंबर तक होने वाले उप राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को लेकर डीएम रंजना राजगुरू ने वीडियो कांफ्रेसिंग से जिले के सभी प्रमुख चिकित्सा अधीक्षकों के साथ जिला टास्क फोर्स की बैठक की। उन्होंने कार्यक्रम के संचालन के लिए ठोक कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार की देर शाम कलक्ट्रेट में बैठक में डीएम ने जिला स्तर पर अल्प नोटिफिकेशन 62 प्रतिशत, गर्भवती महिलाओं को कैल्शियम, एल्बेंडाजोल की गोली शत प्रतिशत नहीं मिलने पर नाराजगी जताई। उन्होंने गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच में कमी पर संबंधित अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार करने के निर्देश दिए। कहा कि गर्भवती महिलाओं का शत प्रतिशत पंजीकरण किया जाए। शत प्रतिशत प्रसव सरकारी अस्पताल में कराने के लिए आशा कार्यकर्ताओं को कड़े निर्देश दिए जाएं। उन्होंने सीएमओ डॉ. डीएस पंचपाल को मातृ मृत्यु एवं शिशु मृत्यु की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कहा कि कोविड-19 में होम आइसोलेशन भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार ही किए जाएं। उन्होंने सीएमओ को आरटीपीसीआर लैब जल्द से जल्द शुरू करने के साथ ही सैंपलिंग कार्य को बढ़ाने का प्रयास करें और रोजाना पोर्टल पर रिपोर्ट अपलोड करें। होम आइसोलेशन में मरीज को दी जाने वाली दवाओं की यदि कमी है तो मुख्यालय को अवगत कराएं। उन्होंने टीबी नोटिफिकेशन के आंकड़े कम होने पर नाराजगी जताई। कहा कि यदि किसी भी अधिकारी/कर्मचारी के स्तर पर कोई लापरवाही सामने आई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।
सीएमओ ने बताया कि जिले में अब तक 9284 पॉजिटिव केस आ चुके है और 8807 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। एक नवंबर को सभी बूथों पर व दो नवंबर से सात नवंबर तक घर-घर जाकर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। जिले में 2,59,134 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा है और 1297 बूथ बनाए गए हैं। इसके लिए 816 टीम गठित की गई हैं। वहां पर सीडीओ हिमांशु खुराना, एसीएमओ डॉ. हरेन्द्र मलिक, डॉ. उदय शंकर, डॉ. अविनाश खन्ना मौजूद रहे।