रुद्रपुर। सेपक टाकरा फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत 23 से 27 मार्च को झारखंड के रांची में होने वाली 28वीं सब-जूनियर सेपक टाकरा (बालक-बालिका) की राष्ट्रीय चैंपियनशिप के ट्रॉयल में जिले के 40 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
मनोज सरकार स्पोर्टस स्टेडियम में आयोजित हुए ट्रॉयल मैच में चयनकर्ता के रूप में जिला ओलंपिक संघ ऊधमसिंह नगर के अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय सेपक टकरा खिलाड़ी डॉ. नागेंद्र शर्मा ने खिलाड़ियों से हाथ मिलाकर उनका परिचय प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि टीम के लिए चयनित खिलाड़ियाें की घोषणा उनके प्रपत्रों की जांच करने के बाद की जाएगी। इसके बाद चयनित टीम के खिलाड़ियों के लिए दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन भी कराएंगे। इस मौके पर गौरव बेनीवाल, काव्य मौर्य, तेजस्वी कुमार, राहुल जोशी, शिवम नेगी, सूरज ठाकुर आदि मौजूद रहे।