रुद्रपुर। रुद्रपुर-गदरपुर हाईवे पर स्थित पेट्रोल पंप पर मिलावटी पेट्रोल के मामले में हुए हंगामे के बाद जिला आपूर्ति विभाग हरकत में आया। मामले की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि लीकेज होने से पेट्रोल पंप के टैंक में पानी भर गया था। पेट्रोल डालने पर पानी की मात्रा अधिक होने पर बाइकें रास्तों में बंद हुई थीं।
मंगलवार देर शाम रुद्रपुर के सामिया लेक सिटी के सामने एचपी के पेट्रोल पंप पर लोगों ने हंगामा कर दिया था। उनका आरोप था कि बाइकों में पेट्रोल भराने पर पानी भर दिया गया। बाइक सवारों ने टंकी खोलकर देखी तो उसमें पेट्रोल का कलर शरबत के रंग के जैसा पाया गया। एक के बाद एक 12 से अधिक लोगों की बाइकों में यही शिकायतें आईं। हर कोई बाइक से पेट्रोल निकालकर पंप पर पहुंच गया और देर रात तक हंगामा कर नाराजगी जताई।
कुछ लोगों का कहना था कि उन्होंने हाल में अपनी बाइकों की सर्विस कराई है। टैंक में पानी जाने से बाइक खराब होने का डर है। इधर हंगामा बढ़ा तो पंप के मैनेजर ने निकासी रोककर जांच की बात कही थी। सोशल मीडिया पर पूरे घटनाक्रम का वीडियो वायरल हुआ तो जिला आपूर्ति विभाग भी हरकत में आया। इस पूरे मामले में पंप मालिक और मैनेजर से बात की गई। बुधवार को पंप के मैनेजर ने डीएसओ को बताया कि पेट्रोल के टैंक में लीकेज के कारण पानी भर गया था। पानी की मात्रा अधिक होने के कारण वाहन रास्ते में बंद हाे गए।
बाइक सवारों को लौटाए रुपये, कई वाहनों की सर्विस कराई
हंगामा बढ़ने पर पंप के मैनेजर ने लोगों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात और बुधवार को पंप से पेट्रोल भराने वाले कई लोगों के रुपये लौटाए गए। कुछ वाहन चालक गाड़ियों की सर्विस कराने पर अड़ गए। बाद में उनके वाहनों की सर्विस भी कराई गई।
पेट्रोल में शरबत जैसे कलर निकलने और हंगामे की जानकारी सोशल मीडिया के माध्यम से मिली। इस संबंध में मैनेजर से बात की गई। उन्होंने बताया कि लीकेज होने से टैंक में पानी भर गया था। मामले की जांच कर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। - विनोद चंद्र तिवारी, डीएसओ