नैनीताल हाईवे पर सिडकुल चौक के पास तेज रफ्तार कार ने व्हील चेयर सवार दिव्यांग को टक्कर मार दी। घायल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से पिथौरागढ़ के नौलिया गांव निवासी 59 वर्षीय दिव्यांग गोविंद भट्ट पुत्र कृष्णा भट्ट लंबे समय से मोतीनगर दिनेशपुर में रहते थे।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह गोविंद किसी काम से रुद्रपुर आए थे। सुबह सात बजे वह नैनीताल हाईवे सिडकुल चौराहे पर अपनी व्हील चेयर से सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच हल्द्वानी की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने चपेट में ले लिया।
सिडकुल में ड्यूटी पर जा रहे लोगों की नजर गंभीर रूप से घायल गोविंद पर पड़ी। राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया और हादसे की सूचना पुलिस को दी। सीओ डीआर वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वाहन चालक की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।