रुद्रपुर। सरदार भगत सिंह पीजी कॉलेज में आयोजित व्याख्यान व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में पहुंचे उच्च शिक्षा निदेशक प्रो. विश्वनाथ खाली ने छात्रों को सम्मानित किया। शनिवार को प्राचार्य प्रो. अवधेश नारायण सिंह की अध्यक्षता में कॉलेज में अंग्रेजी विभाग के साहित्यिक परिषद की ओर से आमंत्रित व्याख्यान व पुरस्कार वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। इस दौरान मुख्य अतिथि प्रो. विश्वनाथ खाली ने अंग्रेजी कवि जॉन कीट्स के साहित्य का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी रचनाएं सत्य और सौंदर्य के इर्द-गिर्द केंद्रित हैं। उन्होंने उच्च शिक्षा के विकास के लिए पारंपरिक भारतीय शिक्षा पद्धति और आधुनिक नवाचार के समन्वय पर जोर दिया। कहा कि अंग्रेजी भाषा अब वैश्विक संपदा बन चुकी है जिस पर हर देश और नागरिक का समान अधिकार है। कार्यक्रम में वर्षभर की सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान प्रो. मनोज पांडे, प्रो. सर्वजीत सिंह समेत कई शिक्षक मौजूद रहे।