रुद्रपुर। तराई में गर्मी बढ़ने के साथ बीमारियां भी पैर पसारने लगी हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ने लगी है। सबसे अधिक डायरिया के मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। मई के पहले सप्ताह में ही पारा 40 के पार पहुंच गया है। पिछले चार दिन में शहर के अस्पतालों में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ गई है। जिला अस्पताल के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी बड़ी संख्या में मौसम जनित रोगों से पीड़ित मरीज पहुंच रहे हैं।
जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की लंबी कतार लगी रही। इनमें अधिकांश मरीज डायरिया के थे। एलर्जी, घमौरियां, पीलिया के मरीजों की संख्या भी बढ़ रही है। जिला अस्पताल के डॉ. एलडी भट्ट का कहना है कि गर्मी में खासकर डायरिया फैलने की संभावना अधिक रहती है। इससे बचाव के लिए सावधानी जरूरी है। उन्होंने कहा प्रदूषित पानी पीने एवं बाजार में खुले में बिक रहा जूस, अन्य खाद्य सामग्री डायरिया की मुख्य वजह है।
उन्होंने बताया पिछले उल्टी-दस्त से पीड़ित 40-50 मरीज हर रोज जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं। डायरिया से बचाव के लिए सफाई का विशेष ध्यान रखें। खुले में रखा खाना और प्रदूषित पानी न पीयें। वाटर फिल्टर न होने पर उबले पानी को ठंडा करके पीयें। डिहाइड्रेशन से शरीर में पानी की कमी जानलेवा हो सकती है। ऐसे में शुद्ध पानी अधिक से अधिक पीयें। जिला अस्पताल के अलावा शहर प्राईवेट अस्पतालों में भी डायरिया पीड़ित मरीज बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं।
...............................
डायरिया से बचाव के लिए ये करें उपाय
प्रदूषित जल का सेवन न करें
खुले में रखे कटे फल व जूस का प्रयोग न करें
आरओ या उबला हुआ पानी ठंडा करके पियें
बासी भोजन का उपयोग न करें
धूप में निकलते समय छाते का इस्तेमाल करें
घर से बाहर निकलने पर शुद्ध पानी अधिक से अधिक पीयें
अघोषित बिजली कटौती से लोग बेहाल
खटीमा। खटीमा में भीषण गर्मी के बीच ऊर्जा निगम की लगातार अघोषित कटौती से लोग बेहाल हैं। नगर और देहात क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती जारी है। कई गांवों में पूरे दिन बिजली गुल हो रही है। खटीमा में कई दिनों से बिजली की आंखमिचौली का सिलसिला जारी है। इससे आम जनता परेशान है, जबकि ऊर्जा निगम के अधिकारी इससे बचने के लिए तरह-तरह के बहाने बना रहे हैं।
एसडीओ अंबिका यादव का कहना है कि पीलीभीत फीडर में काम चलने के कारण आधे क्षेत्र में पर्याप्त बिजली आपूर्ति नहीं हो पा रही है। लाइन में लगातार काम चल रहा है। उन्होेंने अघोषित विद्युत कटौती से इंकार कर दिया। उधर, कांग्रेस के ब्लॉक अध्यक्ष बॉबी राठौर ने कहा कि उत्तराखंड की सत्ता पर भाजपा के काबिज होने के बाद से बिजली कटौती का सिलसिला चल पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस सरकार में प्रदेश को बिजली कटौती मुक्त रखा गया था। राज्य सरकार आम जनता को परेशान करने वाले काम कर रही है। बिजली कटौती के विरोध में कांग्रेस प्रदर्शन करेगी।