रुद्रपुर जिला अस्पताल स्थित डायलिसिस सेंटर।
- फोटो : AMAR UJALA
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर जिले से सटे नैनीताल जिले के रेड जोन घोषित होने के बाद रुद्रपुर जिला अस्पताल में डायलिसिस का दबाव बढ़ गया है। मरीज बढ़ने से जिला अस्पताल में पीपीपी मोड में चल रहे राही केयर के डायलिसिस सेंटर में प्रतिदिन तीन शिफ्टों में डायलिसिस हो रही है। डायलिसिस सेंटर के 10 बेड में से दो बेड हेपेटाइसिस बी व सी के मरीजों के रिजर्व रखे गए हैं।
राही केयर के क्षेत्रीय प्रबंधक महेश शर्मा कहते हैं कि सेंटर में आयुष्मान कार्ड धारकों के लिए निशुल्क डायलिसिस की सुविधा है। लॉकडाउन के बाद जिले के अधिकांश लोग डायलिसिस के लिए बाहरी राज्यों को जाने के स्थान पर रुद्रपुर जिला अस्पताल में ही डायलिसिस करवा रहे थे। अब नैनीताल जिले के रेड जोन होने के बाद डायलिसिस का दबाव और बढ़ गया है। जिले के कई लोग अब डायलिसिस के लिए नैनीताल के हल्द्वानी शहर जाने के स्थान पर जिला अस्पताल में ही डायलिसिस करवा रहे हैं। वर्तमान में प्रतिदिन तीन शिफ्टों में 30 लोगों की डायलिसिस की जा रही है।