रुद्रपुर। 50 वर्गमीटर से नीचे नजूल भूमि पर काबिज 2600 परिवारों को निशुल्क मालिकाना हक देने की फाइल तैयार हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी छह मार्च को गांधी पार्क में परिवारों को स्वामित्व पत्र सौपेंगे। विधायक शिव अरोरा ने यह जानकारी देते हुए कहा कि वह 2600 परिवारों को घर-घर जाकर बुधवार को गांधी पार्क में पहुंचने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।
सोमवार को सिटी क्लब में पत्रकार वार्ता में के दौरान रुद्रपुर विधायक शिव अरोरा ने कहा कि विधानसभा चुनाव जीतने के बाद उन्होंने सदन में सबसे पहले नजूल भूमि पर मालिकाना हक का मामला रखा था। वर्ष 2021 में आई नजूल नीति में तकनीकी जटिलता के चलते एक भी व्यक्ति को मालिकाना हक नहीं मिला था। 16 मई को मुख्यमंत्री ने कैबिनेट में नजूल नीति के संशोधन को पास कर पॉलिसी जारी की। इसके बाद पहले चरण में 2600 लोगों को उनके भूमि का मालिकाना हक मिलने जा रहा है। इसके बाद चरणबद्ध रूप से पूरे रुद्रपुर क्षेत्र में नजूल भूमि का मालिकाना हक देने का कार्य किया जाएगा। वहां पर दर्जा मंत्री उत्तम दत्ता, प्रदेश मंत्री विकास शर्मा, जिला महामंत्री अमित नारंग, धीरेंद्र मिश्रा, सुरेश कोली,धर्म सिंह कोली, मयंक कक्कड़, योगेश वर्मा मौजूद रहे।
डीएम और एसएसपी ने किया गांधी पार्क का निरीक्षण
रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बुधवार को प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर डीएम उदयराज सिंह और एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल गांधी पार्क का निरीक्षण किया। उन्होंने लोनिवि के ईई को मंच, सेफ हाउस, कुर्सी आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा करने के साथ ही ईई ग्रामीण निर्माण विभाग को विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास की व्यवस्थाएं करने के लिए भी कहा। बताया कि सीएम विभिन्न विभागों के विकास कार्यों के लोकार्पण, शिलान्यास करने के साथ ही नजूल भूमि और पीएम आवास के लाभार्थियों को प्रमाणपत्र भी बांटेंगे। उन्होंने नगर निगम को पार्क की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। वहां पर विधायक शिव अरोरा, एडीएम पंकज उपाध्याय, एसपी सिटी मनोज कत्याल, सीओ सिटी निहारिका तोमर सहित अनेक मौजूद रहे।